
डीएम प्रशांत आर्य के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना जोशियाड़ा मार्ग पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम ।
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के बाड़ागड्डी क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं और मस्ताड़ी गांव के पुनर्वास की मांग को लेकर शनिवार को आंदोलन उग्र हो गया। मांगों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित मस्ताड़ी के पूर्व ग्राम प्रधान सत्यनारायण सेमवाल सुबह करीब नौ बजे पेट्रोल लेकर जोशियाड़ा स्थित गंगा मंदिर झूला पुल के पिलर पर चढ़ गए। उन्होंने मांगों का समाधान न होने पर पुल से छलांग लगाने की चेतावनी दी।

पूर्व प्रधान के इस कदम से प्रशासन में हड़कंप मच गया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।पूर्व प्रधान के पुल पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी मौके पर पहुंचीं और पूर्व प्रधान से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। अधिकारियों की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद सत्यनारायण सेमवाल नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।
इसी बीच उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, जिससे मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।डीएम और एसपी पहुंचे मौके पर, साढ़े पांच घंटे बाद खत्म हुआ गतिरोधइधर, बाड़ागड्डी क्षेत्र की नौ सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीण जोशियाड़ा मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र के गांव वर्षों से आपदा के खतरे, भू-धंसाव, नदी कटाव, सड़क और संचार जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन इनका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन सिंघल सहित संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गंगा मंदिर झूला पुल के समीप धरना-प्रदर्शन कर रहे मस्ताड़ी और बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों की ओर से सौंपे गए प्रत्यावेदन पर जिलाधिकारी ने संबंधित मांगों के संबंध में नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके साथ ही करीब साढ़े पांच घंटे से बना गतिरोध भी समाप्त हो गया।
त्रिशूल मांगों के नाम से उठाई नौ सूत्रीय मांगेंआंदोलनकारियों ने क्षेत्र की नौ प्रमुख मांगों को ‘त्रिशूल मांग’ नाम दिया है। इनमें इंद्रावती नदी पर बाढ़ और कटाव से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार एवं तटबंध निर्माण, धार्मिक आस्था के अनुरूप देव स्नान घाट और मोक्ष घाट का निर्माण तथा वर्ष 1998 से लंबित मस्ताड़ी गांव के विस्थापन की प्रक्रिया पूरी करना प्रमुख मांगें हैं।इसके अलावा जसपुर सड़क पर हो रहे भू-धंसाव की रोकथाम, मांडो गांव की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्य शुरू करने, दिलसौड़-चमकोट और मुस्टिकसौड़-कुरोली-किशनपुर मोटर मार्ग का निर्माण एवं सुधारीकरण, बाड़ागड्डी और आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने, जोशियाड़ा क्षेत्र में जलभराव का स्थायी समाधान तथा जंगली जानवरों से ग्रामीणों की जान-माल और फसलों की सुरक्षा की मांग उठाई गई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि समस्याएं केवल बाड़ागड्डी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क, भू-धंसाव, नदी कटाव, आपदा सुरक्षा, संचार और जंगली जानवरों से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से आपसी मतभेद भुलाकर जनसमस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने की अपील की।धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम में मस्ताड़ी के ग्राम प्रधान, मानपुर के ग्राम प्रधान, कांग्रेस नेता मनीषा राणा, किरण रावत, शंकर गुसाईं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जगदीश पंत सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।
