पुरोला:::: मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में योजना के तहत घर-घर तक नल तो पहुंचा दिए गए, लेकिन कई महीनों से उनमें पानी नहीं आ रहा है। उनका दावा है कि यदि घटना के समय नलों में पानी उपलब्ध होता तो आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने का प्रयास किया जा सकता था और नुकसान काफी हद तक कम हो सकता था।गांव के सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल सिंह पंवार ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पेयजल लाइन बिछाई गई है और अधिकांश घरों में नल कनेक्शन भी दिए गए हैं, लेकिन पिछले कई महीनों से इनमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के दौरान ग्रामीणों को आग बुझाने के लिए पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। यदि घरों में लगे नलों में नियमित जलापूर्ति होती तो शुरुआती प्रयासों में आग को फैलने से रोका जा सकता था।ग्रामीणों का कहना है कि आग तेजी से फैलती चली गई और पर्याप्त पानी उपलब्ध न होने के कारण वे अपने घरों को बचाने में असहाय रहे। उनका मानना है कि जल जीवन मिशन की योजना का उद्देश्य केवल नल कनेक्शन देना नहीं, बल्कि नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना भी है।ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संस्थान से जल जीवन मिशन के तहत गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में इस तरह की आपदा की स्थिति में पर्याप्त पानी उपलब्ध होना लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।सहायक अभियंता, जल निगम टी.एस. भंडारी ने बताया कि संबंधित पेयजल योजना को विभाग द्वारा पूर्व में ही ग्राम पंचायत के सुपुर्द (हैंडओवर) कर दिया गया था। वर्तमान में योजना के संचालन, रखरखाव एवं मरम्मत की संपूर्ण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। उन्होंने बताया कि विभाग ने आवश्यकता पड़ने पर उपयोग के लिए ग्राम पंचायत को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ पीवीसी पाइप भी उपलब्ध कराए थे।

