भाजपा के दर्जनभर विधायकों की कुर्सी पर संकट! सात टिकट कटने की चर्चा से मची खलबली

​बीएल संतोष की समीक्षा बैठक में विधायकों के कामकाज का हुआ आकलन, खराब फीडबैक और विवादों में घिरे चेहरों पर संगठन की नजर

2027 के चुनाव में नए चेहरों को मिल सकता है मौका

विशेष संवाददातादेहरादून/उत्तरकाशी​उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर टिकटों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मौजूदा विधायकों के कामकाज का फीडबैक और संगठन की आंतरिक समीक्षा अब कई माननीयों की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ाती नजर आ रही है। पार्टी के भीतर इस बात की गहरी चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में करीब एक दर्जन मौजूदा विधायकों के टिकट खतरे में पड़ सकते हैं। इतना ही नहीं, शुरुआती दौर में सात विधायकों के टिकट काटे जाने की अंदरखाने चल रही चर्चाओं ने सियासी गलियारों में जबरदस्त खलबली मचा दी है। खासकर कुमाऊं और गढ़वाल मंडल की कुछ चुनिंदा सीटों—विशेषकर उत्तरकाशी जिले की पुरोला और गंगोत्री विधानसभा सीटों—के वर्तमान विधायकों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बीएल संतोष की बैठक में हुआ मंथन

सूत्रों के मुताबिक, गत 15 नवंबर को देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की मौजूदगी में हुई अति महत्वपूर्ण बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की बारीक समीक्षा की गई थी। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों का कच्चा-चिट्ठा टटोला गया।​बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मौजूदा विधायकों का पिछले साढ़े चार साल का कार्यकाल, क्षेत्र में उनकी सक्रियता, आम जनता के बीच उनकी पकड़, संगठन के साथ तालमेल और सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर प्रभाव का आकलन करना रहा।​पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में उन जनप्रतिनिधियों को लेकर बेहद गंभीर मंथन हुआ, जिनका रिपोर्ट कार्ड लगातार कमजोर मिल रहा है। जिन विधायकों पर जनता के बीच निष्क्रिय रहने, विभिन्न विवादों से घिरे रहने अथवा दबे-छिपे संगठन और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाने की शिकायतें हैं, संगठन ने उन पर पैनी नजर रख ली है। पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट मानना है कि सरकार और स्थानीय स्तर पर विधायकों के खिलाफ किसी भी तरह की संभावित ‘एंटी-इनकंबेंसी’ (सरकार विरोधी लहर) को समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया, तो चुनावी समर में यह भारी पड़ सकता है।

दर्जनभर नामों पर मंथन, सात टिकटों पर पहले दौर में कैंची?

​राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि करीब 10 से 12 मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन से संगठन संतुष्ट नहीं है। इनमें पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिले की पुरोला व गंगोत्री विधानसभा सीटों के विधायकों के नाम भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के टिकट को लेकर भी सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तैर रही हैं। हालांकि, पार्टी के अधिकृत सूत्रों का यह भी कहना है कि भाजपा ने अभी तक टिकट काटे जाने को लेकर कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की है और न ही किसी नाम की पुष्टि की है, लेकिन आंतरिक सुगबुगाहट ने वर्तमान विधायकों की नींद उड़ा दी है।

इस बार सिर्फ ‘जिताऊ चेहरा’ होगा टिकट का एकमात्र पैमाना

​भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति के संकेत साफ हैं कि पार्टी इस बार केवल ‘मौजूदा विधायक’ होने के ठप्पे के आधार पर किसी को भी दोबारा मैदान में उतारने के मूड में बिल्कुल नहीं है। संगठनात्मक पकड़, जनता के बीच बेदाग छवि, क्षेत्र में धरातल पर हुए विकास कार्य और सबसे बढ़कर ‘चुनाव जीतने की क्षमता’ (जिताऊ फार्मूला) ही इस बार टिकट वितरण का मुख्य आधार बनेगी।​कुल मिलाकर, 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के भीतर टिकट की कसौटी बेहद सख्त कर दी गई है। ऐसे में मौजूदा विधायकों के सामने अब जनता के बीच अपने कामकाज का हिसाब देने और पार्टी आलाकमान के सामने अपनी उपयोगिता साबित करने की बड़ी चुनौती आन पड़ी है। अब यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि यह सियासी अटकलें साबित होती हैं या भाजपा वाकई बड़े पैमाने पर नए चेहरों पर दांव खेलकर राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ देती है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *