गढ़ देश न्यूज़ | संवाददाताश्रीनगर। उत्तराखंड परिवहन निगम ने अपने कर्मचारियों को आर्थिक राहत देते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुग्रह राशि भुगतान का आदेश जारी किया है। निगम के इस फैसले से पात्र नियमित कर्मचारियों के साथ ही विशेष श्रेणी और संविदा पर कार्यरत चालक-परिचालकों के लिए भी पारिश्रमिक भुगतान का रास्ता साफ हुआ है।निगम मुख्यालय की ओर से पांच नवंबर को इस संबंध में दो अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार 4,800 रुपये तक ग्रेड वेतन प्राप्त करने वाले पात्र नियमित कर्मचारियों को 6,908 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इस निर्णय से रोडवेज के पात्र कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।वहीं, विशेष श्रेणी और संविदा पर कार्यरत चालक-परिचालकों के पारिश्रमिक भुगतान के लिए न्यूनतम अर्जित किलोमीटर की शर्त भी निर्धारित की गई है।
इसके तहत मैदानी मार्गों पर 56 हजार, पर्वतीय मार्गों पर 36 हजार और मिश्रित मार्गों पर 46 हजार किलोमीटर का मानक तय किया गया है।

यह व्यवस्था चालक और परिचालक दोनों पर लागू होगी।तकनीकी कर्मचारियों के लिए 240 ड्यूटी दिवस अनिवार्यनिगम ने तकनीकी कर्मचारियों के लिए न्यूनतम 240 ड्यूटी दिवस निर्धारित किए हैं। किलोमीटर और ड्यूटी दिवस की गणना अप्रैल 2025 के बाद की अवधि के आधार पर की जाएगी। निगम मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की पात्रता का सत्यापन कर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्रीनगर डिपो के कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभश्रीनगर रोडवेज डिपो के प्रभारी अशोक काला ने बताया कि निगम मुख्यालय की ओर से पांच नवंबर को इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। पात्र नियमित कर्मचारियों को 6,908 रुपये का अनुग्रह भुगतान किया जाएगा। वहीं, चालक-परिचालकों के लिए निर्धारित किलोमीटर की शर्तों के आधार पर भुगतान की व्यवस्था की गई है।
निगम के इस निर्णय को कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। खासकर संविदा और विशेष श्रेणी में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भुगतान का मानक निर्धारित होने से लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति दूर होने की उम्मीद है।
