गणतंत्र दिवस पर भजन लाल आर्य ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, संविधान व राष्ट्र एकता का दिया संदेश

पुरोला/उत्तरकाशी।

77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रवाई जन एकता मंच से विधायक प्रत्याशी भजन लाल आर्य ने जनपद उत्तरकाशी सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगे को नमन करते हुए देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।भजन लाल आर्य ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है। यह दिन हमें न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह सहित अनेक महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना है। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करें।भजन लाल आर्य ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सके। उन्होंने कहा कि “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा” की भावना को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्चा राष्ट्रधर्म है।उन्होंने अंत में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। आइए, हम सब मिलकर तिरंगे का सम्मान बनाए रखें और एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *