उत्तरकाशी जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) भटवाड़ी खंड में तैनात एक अमीन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई भूमि के मुआवजे की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई।विजिलेंस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की भूमि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी।
नियमानुसार उक्त भूमि के बदले मुआवजा दिया जाना था, लेकिन मुआवजे की फाइल वर्ष 2022-23 से विभागीय कार्यालयों में लंबित पड़ी हुई थी। आरोप है कि लोनिवि भटवाड़ी खंड में तैनात अमीन ने मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करने के बदले पहले 20 हजार रुपये की मांग की, बाद में सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायतकर्ता द्वारा इस संबंध में विजिलेंस को सूचना दी गई, जिसके बाद योजना बनाकर ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार को जैसे ही अमीन ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। प्राथमिक पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर देहरादून लाया गया।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी अमीन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को आरोपी को विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।विजिलेंस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के लिए रिश्वत की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना सतर्कता अधिष्ठान को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

