🟥 गढ़ देश न्यूज़ | अपराध विशेष
📍 उत्तरकाशी📅 10 मई 2026✍️ अरविन्द जयाडा
ऑपरेशन प्रहार के तहत गैंगस्टर एक्ट का वांछित गैंग लीडर गिरफ्तारपुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के नेतृत्व में नशा तस्करों पर लगातार शिकंजाउत्तरकाशी जनपद में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत मोरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना मोरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित गैंग लीडर को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लगातार सक्रिय था और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक थाना मोरी क्षेत्र में सितंबर 2025 में दर्ज एक मामले में आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 2/3 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद भर में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश और सुरागरसी कर रही थी।शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम को सफलता मिली और वांछित गैंग लीडर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चीन सिंह पुत्र जयेंद्र सिंह निवासी ग्राम नेटवाड़, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी, उम्र लगभग 43 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार पुलिस से बचकर फरार चल रहा था, लेकिन लगातार निगरानी और सटीक सूचना संकलन के चलते पुलिस टीम उसे पकड़ने में सफल रही।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी मोरी दीपक रावत, कांस्टेबल अनिल तोमर, कांस्टेबल गणेश राणा तथा महिला होमगार्ड करिश्मा शामिल रहीं।उत्तरकाशी पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
