कांग्रेस की न्याय यात्रा पर स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष ने उठाए सवाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह पर साधा निशाना; पहले महिला सम्मान के मामले में सार्वजनिक माफी मांगने की रखी मांग
बॉबी पंवार का कहना है कि जो लोग प्रदेश में महिला सम्मान और न्याय की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने क्षेत्र से जुड़े मामलों पर भी अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि एक मामले में घर के सदस्यों की ओर से मां-बहनों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया, जबकि दूसरी ओर महिला सम्मान की बात की जा रही है।गौरतलब है कि कुछ समय पहले चकराता विधायक प्रीतम सिंह के भाई से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में बालकराम नाम के व्यक्ति से बातचीत के दौरान उसकी बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई थी।बॉबी पंवार ने संबंधित व्यक्ति से मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उनका कहना है कि महिला सम्मान की बात केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यवहार और आचरण में भी दिखाई देनी चाहिए।अब सवाल यह है कि महिला सम्मान और न्याय के मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति में उठ रहे इन सवालों का जवाब संबंधित जनप्रतिनिधि किस तरह देते हैं? क्या राजनीतिक दल महिला सम्मान के मुद्दे पर अपने नेताओं और उनसे जुड़े मामलों को लेकर भी समान रूप से जवाबदेही तय करेंगे? फिलहाल इस बयान के बाद प्रदेश का सियासी माहौल गरमा गया है।

