उत्तरकाशी के फ़िताड़ी गांव में अग्निकांड: सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ, 14 परिवारों को मिलेगा सहारा

उत्तरकाशी/पुरोला।मोरी विकासखंड के फ़िताड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अग्निकांड से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण करते हुए पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।इस दौरान मंत्री ने प्रभावित 14 परिवारों को आजीविका से जोड़ने के लिए “गोट वैली प्रोजेक्ट” के तहत बकरियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि बकरियों का वितरण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवार आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष मुआवज़ा, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं से सुरक्षा के मुद्दे भी उठाए। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवज़ा दिलाया जाएगा।स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचे। सरकार की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *