पांच जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट, आकाशीय बिजली व ओलावृष्टि की चेतावनी।

देहरादून, 03 अप्रैल।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 04 अप्रैल, 2026 को उत्तराखण्ड के पांच पर्वतीय जनपदों—

जनपदों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है।

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसे देखते हुए इन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को अलर्ट जारी कर आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि खराब मौसम के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित या प्रतिबंधित किया जाए तथा संवेदनशील इलाकों में आवागमन पर नजर रखी जाए। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के साथ सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत सभी नामित अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। साथ ही संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। मोटर मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र बहाल करने, राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों की क्षेत्र में सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने सभी पुलिस थानों और चौकियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों एवं वायरलेस सिस्टम के साथ सतर्क रहने को कहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने, आवश्यक उपकरण—जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च और हेलमेट—साथ रखने तथा संभावित आपात स्थिति में फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, भारी वर्षा या खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नालियों और कल्वर्ट की सफाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *