5 साल में भी अधूरा स्कूल भवन, जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर छात्र

विकासखंड मोरी के जखोल गांव में निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज का भवन पिछले पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है। वर्ष 2021 में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका, जिससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विद्यालय का नया भवन समय पर तैयार न होने के कारण छात्र-छात्राएं आज भी पुराने और जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

भवन की खराब स्थिति को देखते हुए अभिभावकों और ग्रामीणों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।पुरोला विधानसभा क्षेत्र में विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जखोल गांव में विद्यालय निर्माण की धीमी रफ्तार इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।

निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।‘पहाड़ संदेश न्यूज नेटवर्क’ द्वारा बीते पांच वर्षों में इस मुद्दे को कई बार प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद भी निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं लाई जा सकी है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया। पहली बार फोन रिसीव कर तुरंत काट दिया गया, जबकि बाद में कई बार कॉल करने के बावजूद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *