हरिद्वार GST कार्यालय में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, डाटा एंट्री ऑपरेटर 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तारहरिद्वार, 24 फरवरी।उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार स्थित राज्य कर (GST) कार्यालय, खंड–3 में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त राज्य कर कार्यालय के निकट ट्रैप टीम द्वारा की गई।
🚨सतर्कता अधिष्ठान को मिली शिकायत के अनुसार हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री के स्वामी ने बताया कि उनकी कंपनी वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है, जबकि जीएसटी लागू होने से पूर्व वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के वैट टैक्स निपटान के लिए विभाग द्वारा 1 लाख 76 हजार रुपये की देयता निर्धारित की गई थी।आरोप है कि इस मामले को ‘सेटल’ कराने के नाम पर डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल ने 1 लाख 20 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगी थी और राशि किस्तों में देने का प्रस्ताव रखा था।
💰शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय जांच कर शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये देते ही विजिलेंस टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।गिरफ्तार आरोपी प्रमोद सेमवाल पुत्र शिवशरण सेमवाल, निवासी सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारिका विहार, जगजीतपुर, कनखल (हरिद्वार) है।
वह लगभग 18 वर्षों से उपनल कर्मी के रूप में डाटा एंट्री ऑपरेटर पद पर कार्यरत था।विजिलेंस द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
⚖️सूत्रों के अनुसार विजिलेंस टीम आरोपी की चल-अचल संपत्ति और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर सकती है, जिससे विभाग में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
