हमारी संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है माघ मेला : सजवाण ।

माघ मेला पांडव में आयोजित पत्रकार गोष्ठी में वक्ताओं ने मीडिया की भूमिका को बताया अहम ।

पत्रकारों के सुझावों पर अमल का आश्वासन, माघ मेला आयोजन को लेकर साझा किए गए विचार।

उत्तरकाशी | गढ़ देश न्यूज़ उत्तरकाशी में आयोजित हो रहे पौराणिक माघ मेले को हमारी संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था का जीवंत प्रतीक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस ऐतिहासिक मेले के सफल आयोजन में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह विचार सोमवार को माघ मेला पांडव स्थल पर आयोजित पत्रकार गोष्ठी में व्यक्त किए गए।पत्रकार गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक व माघ मेला समिति अध्यक्ष विजयपाल सजवाण ने कहा कि माघ मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तरकाशी की सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि माघ मेला हमारी लोक परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विजयपाल सजवाण ने कहा कि माघ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन में मीडिया का सहयोग हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों और विचारों पर अमल किया जाएगा, ताकि भविष्य में माघ मेले को और अधिक व्यवस्थित, भव्य और जनोपयोगी बनाया जा सके।गोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता सजवाण, पूर्व विधायक विश्वनाथ सजवाण, जिला पंचायत सदस्य विजय चौहान, जिला पंचायत सदस्य कविता शाह ,क्षेत्र पंचायत सदस्य, मेला समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनपद के वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि माघ मेला उत्तरकाशी की सांस्कृतिक धरोहर है, जिसमें देव डोलियों की परंपरा, लोक गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिलता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलता है।पत्रकार गोष्ठी में मौजूद पत्रकारों ने माघ मेले के आयोजन, व्यवस्थाओं, यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। वक्ताओं ने पत्रकारों के सुझावों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि माघ मेला समिति, जिला पंचायत और प्रशासन के आपसी समन्वय से मेले को और बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में माघ मेला समिति की ओर से पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही सभी ने माघ मेले को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग और सकारात्मक संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *