मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव लोक निर्माण ने किया चारधाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण, 15 अप्रैल तक सड़क दुरुस्त करने के निर्देश ।

उत्तराखंड देहरादून – आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार ने सक्रियता तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर शुक्रवार को सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने उत्तरकाशी–भटवाड़ी–हर्षिल–गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए।सचिव लोक निर्माण ने बीआरओ अधिकारियों को 15 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, सभी डेंजर एवं लैंडस्लाइड जोन में आवश्यक कटिंग कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स कार्य पूरा करने को प्राथमिकता दी जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर राइडिंग क्वालिटी मिल सके।

🚧निरीक्षण के दौरान स्वाड़ीगाड़ में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए सचिव ने अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले स्टील गर्डर सेतु की लॉचिंग, डेक स्लैब और एप्रोच रोड निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता और तीव्र गति से पूरे किए जाने हैं।

सचिव डॉ. पांडेय ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग और पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। इस दौरान धराली क्षेत्र में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल पुल की मरम्मत शुरू न होने तथा धराली–हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ न होने पर उन्होंने कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तय समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

⚠️बीआरओ और विभागीय अधिकारियों ने सचिव को आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी संवेदनशील स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य पूरा कर सड़क की स्थिति में सुधार किया जाएगा, जिससे यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।निरीक्षण के दौरान इंजीनियर रणजीत सिंह, इंजीनियर विजय कुमार, इंजीनियर नवीन लाल, इंजीनियर कैलाश चन्द्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

👉 चारधाम यात्रा से पहले सड़क कार्यों में तेजी आई है, लेकिन धराली और हर्षिल क्षेत्र में कार्य शुरू न होना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *