उत्तरकाशी, 18 फरवरी 2026 गढ़ देश न्यूज़
उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों, कस्टोडियनों एवं परीक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए।मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में इस वर्ष कुल 63 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं,
जिन्हें पांच मुख्य सेक्टर—
भटवाड़ी, डुण्डा,चिन्यालीसौड़, बड़कोट तथा पुरोला/मोरी—में विभाजित किया गया है।
हाईस्कूल परीक्षा में 3,910 संस्थागत एवं 22 व्यक्तिगत, जबकि इंटरमीडिएट में 3,435 संस्थागत एवं 64 व्यक्तिगत परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
इस प्रकार जनपद में कुल 7,431 छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगे।जनपद का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव निर्धारित किया गया है,
जहां 485 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। वहीं सबसे छोटा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज हर्षिल है, जहां 13 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस व पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।प्रशासन ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से भी अपील की है
कि वे परीक्षा को गंभीरता से लें और नियमों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें, जिससे जनपद में बोर्ड परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
