प्रमुख (क्षेत्र पंचायत) संगठन, जनपद उत्तरकाशी की महत्वपूर्ण बैठक 15 फरवरी 2026 को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकास खंडों के प्रमुखों ने प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा पंचायत स्तर पर समन्वय की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से संगठन को सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें विकास खंड डुंडा के प्रमुख राजदीप सिंह परमार को अध्यक्ष चुना गया। वहीं विकास खंड मोरी के प्रमुख रणदेव सिंह राणा को उपाध्यक्ष तथा विकास खंड पुरोला की प्रमुख निशिता शाह को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अतिरिक्त चिन्यालीसौड़ के प्रमुख रणवीर सिंह को सचिव, भटवाड़ी की प्रमुख ममता पंवार को कोषाध्यक्ष तथा नौगांव की प्रमुख सरोज पंवार को सदस्य मनोनीत किया गया।बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि नव-निर्वाचित पदाधिकारी जनपद के समग्र विकास, आपसी समन्वय और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय व प्रतिबद्ध भूमिका निभाएंगे।
संगठन ने यह संकल्प भी लिया कि जनहित के सभी मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य किया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
