पुलिस कांस्टेबल वेटिंग को लेकर मुख्यालय पहुंचे बेरोजगार, 15–20 दिन में आयोग को भेजे जाएंगे रिक्त पद।

देहरादून (संवाददाता): पुलिस कांस्टेबल भर्ती में वेटिंग सूची को लेकर बुधवार को पुलिस बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पुलिस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आईपीएस एवं एसपी कार्मिक पूर्णिमा गर्ग से मुलाकात कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया और ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात के दौरान एसपी कार्मिक पूर्णिमा गर्ग ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में रिक्त पदों का आंकलन किया जा रहा है और 15 से 20 दिनों के भीतर सभी रिक्त पद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को भेज दिए जाएंगे।

इसके बाद आयोग स्तर पर वेटिंग सूची को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार युवाओं को वेटिंग का लाभ मिल सकता है।इसके साथ ही बैठक में नई पुलिस भर्ती को लेकर भी चर्चा हुई। एसपी कार्मिक ने बताया कि पुलिस मुख्यालय नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर तेजी से काम कर रहा है और जल्द ही अधियाचन आयोग को भेजा जाएगा,

जिससे भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सके।बेरोजगार संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से वेटिंग सूची जारी न होने के कारण अभ्यर्थियों में निराशा है। उन्होंने सरकार और विभाग से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। संगठन ने स्पष्ट किया कि युवाओं के हित में जो भी आवश्यक होगा, वह कदम उठाए जाएंगे।अंत में अभ्यर्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *