पुरोला को जिला बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, 30 जनवरी को स्टेडियम में महापंचायत का ऐलान ।

पुरोला (उत्तरकाशी)।पुरोला को अलग जिला बनाए जाने की मांग अब लगातार तूल पकड़ती जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश डबराल की प्रेस वार्ता के बाद अब ठेकेदार संगठन भी खुलकर समर्थन में सामने आ गया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ठेकेदार संगठन ने 30 जनवरी 2026 को क्रिकेट स्टेडियम, पुरोला में भव्य महापंचायत आयोजित करने का आह्वान किया।ठेकेदार संगठन के अध्यक्ष बद्री प्रसाद नौडियाल ने कहा कि पुरोला क्षेत्र भौगोलिक, प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टि से जिला बनाए जाने की सभी कसौटियों पर खरा उतरता है, लेकिन लंबे समय से क्षेत्र की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला गठन से रवाई घाटी के लोगों को प्रशासनिक सुविधा, विकास कार्यों में तेजी और रोजगार के अवसर मिलेंगे।संगठन के उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महापंचायत में जिला गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं सचिव शीशपाल सिंह रावत ने रवांई घाटी के सभी जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की।प्रेस वार्ता में संगठन के मीडिया प्रभारी एम.एस. बोरा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन जनभावनाओं से जुड़ा है और शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई जाएगी।ठेकेदार संगठन ने रवाई घाटी के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से 30 जनवरी को पुरोला स्टेडियम पुरोला पहुंचकर महापंचायत को सफल बनाने की अपील की है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *