उत्तरकाशी, 4 अप्रैल।जनपद में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को आयोजित गैस एजेंसियों की बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब गैस बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से अनिवार्य की जाए और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के जरिए ही गैस उपलब्ध कराई जाए।
डीएम ने कहा कि इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में लगने से राहत मिलेगी और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा व्यवस्था में लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से एलपीजी की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और एजेंसियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
साथ ही, डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि गैस वितरण प्रक्रिया में 100 प्रतिशत होम डिलीवरी लागू हो। जिन क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आती है, वहां एजेंसियों को वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो।बैठक में इंडियन गैस, भारत गैस और एचपी गैस के प्रबंधक उपस्थित रहे।— जिला सूचना अधिकारी, उत्तरकाशी
