उत्तरकाशी, 7 अप्रैल (सूचना): आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंगलवार को मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन, परिवहन यूनियनों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक में गंगोत्री नेशनल हाईवे की खराब स्थिति प्रमुख मुद्दा रही। स्थानीय हितधारकों ने चढ़ेगी, लिमच्यागाड़ और गंगनानी जैसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत और पूरे मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने बीआरओ को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में सड़क सुधारीकरण कार्य पूरा किया जाए।
होटल एसोसिएशन द्वारा यात्रियों की संख्या पर लगी सीमा हटाने की मांग पर मंत्री ने साफ कहा कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया सरल और सुलभ बनेगी।यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक में डामटा और कटा पत्थर पुलिस बैरियर हटाने की मांग भी उठी।

इस पर मंत्री ने डामटा बैरियर हटाने के निर्देश एसपी को दिए तथा कटा पत्थर बैरियर हटाने का भी भरोसा दिया।चारधाम यात्रा के दौरान मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। होटल एसोसिएशन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
वहीं, मंत्री ने यात्रा मार्ग पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने और तैनात कर्मियों का सत्यापन कर तीन दिन के भीतर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए मंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मास और मदिरा का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मत्स्य पालकों को आईस बॉक्स वितरित किए। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने से स्थानीय मत्स्य पालकों को बड़ा लाभ मिलेगा और वे आईटीबीपी सहित अन्य संस्थानों को ताज़ी मछली की आपूर्ति कर बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जयभारत सिंह, विधायक सुरेश चौहान, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि मंदिर समिति और परिवहन यूनियन के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
