उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य ने होटल एसोसिएशन, टैक्सी-बस यूनियन सहित अन्य संबंधित हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।

उन्होंने खाद्य आपूर्ति और ऊर्जा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कोयला और लकड़ी की उपलब्धता भी बनाए रखने को कहा, ताकि किसी आपात स्थिति में परेशानी न हो।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिए गए। डीएम ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि स्थानीय वाहनों की आवाजाही को सरल और सुचारू बनाया जाए, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।बैठक में होटल व्यवसायियों और परिवहन यूनियन द्वारा यात्रियों की संख्या पर लगी सीमा को हटाने की मांग भी उठाई गई।
इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस विषय को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और सकारात्मक समाधान का प्रयास किया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने की बात भी कही।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि, टैक्सी-बस यूनियन के पदाधिकारी एवं अन्य हितधारक मौजूद रहे।
