बडकोट/उत्तरकाशी।जनपद उत्तरकाशी के नौगांव विकासखंड अंतर्गत यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुथनौर बाजार में एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है। घटना बड़कोट कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में मोटा डंडा लेकर छात्र पर लगातार वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन आरोपी युवक उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव करने का प्रयास नहीं किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र रोज की तरह कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा और काटने की कोशिश करने लगा। छात्र ने बचाव में कुत्ते को भगाने के लिए पत्थर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि इससे कुत्ते का मालिक नाराज हो गया और गुस्से में छात्र पर हमला कर दिया।मारपीट की इस घटना के बाद घायल छात्र ने परिजनों के साथ बड़कोट कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने कुथनौर निवासी सुमित भण्डारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(1), 351(3) और 352 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और मामले की जांच जारी है।इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि एक छात्र के साथ इस तरह की मारपीट कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।वहीं अभिभावकों ने मांग की है कि बाजार और हाईवे क्षेत्र में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
कुत्ते को पत्थर मारने पर छात्र को दौड़ा–दौड़ा कर पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा यमुनोत्री हाईवे स्थित कुथनौर बाजार की घटना, वायरल वीडियो से फैला आक्रोश
