एम्बुलेंस से गर्भवती महिला को ऋषिकेश किया रेफर, पहाड़ में सरकार की सेवा बनी जीवनदायिनीउत्तरकाशी।
पहाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को पूरा करने में राज्य सरकार द्वारा संचालित एयर एम्बुलेंस एक बार फिर जीवनदायिनी साबित हुई।
शनिवार को ग्राम उत्तरों निवासी 25 वर्षीय गर्भवती महिला अंजली पत्नी लोकेश मखलोगा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तुरंत रेफर करने की आवश्यकता जताई।
परिवारजनों व प्रशासन के अनुरोध पर स्वास्थ्य विभाग की पहल से एयर एम्बुलेंस सेवा सक्रिय की गई। महिला को कन्सेण जोशियाड़ा स्थित हेलीपैड से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। इस दौरान मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे प्रकरण पर नजर रखी।ग्रामवासियों ने कहा कि समय पर मिली इस सुविधा ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
ग्रामीणों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही एयर एम्बुलेंस सेवा को सराहते हुए इसे पहाड़ के लोगों के लिए “जीवनदायिनी” करार दिया।उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने हाल के वर्षों में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की है, जिसका लाभ दूरस्थ पर्वतीय अंचलों के मरीजों को मिल रहा है।–
