देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज सचिवालय में उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपनल कर्मचारियों ने समान कार्य–समान वेतन के संबंध में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही उनकी प्रमुख मांगों को पूरा करने के साथ-साथ कर्मचारियों के सम्मान, स्थायित्व और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस फैसले से प्रदेशभर में कार्यरत हजारों उपनल कर्मचारियों में उत्साह, भरोसा और सकारात्मक वातावरण बना है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उपनल कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और विभिन्न विभागों में वे महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
सरकार उनके योगदान को पूरी गंभीरता से मान्यता देती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
भेंट के दौरान उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को यह भी आश्वस्त किया कि वे प्रदेश सरकार की नीतियों और निर्णयों के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

