उत्तरकाशी। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्रशासन से सीधे जोड़ने की दिशा में जिलाधिकारी श्री प्रशान्त आर्य ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘संकल्प संवाद’ पोर्टल (www.sankalpsanwad.com�) का शुभारंभ किया। इस पोर्टल का संचालन आगामी 9 अप्रैल से शुरू होगा, जिसके माध्यम से जिले के लोग घर बैठे अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना, पारदर्शिता बढ़ाना और सुशासन को सशक्त करना है। अब नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह निर्धारित समय पर वरिष्ठ अधिकारी आमजन से ऑनलाइन संवाद करेंगे। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक जिलाधिकारी स्वयं लोगों की समस्याएं सुनेंगे। वहीं बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।जिलाधिकारी श्री आर्य ने कहा कि “संकल्प संवाद” प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता को और मजबूत करेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर आयोजित बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने साफ कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।इस नई डिजिटल पहल से जहां एक ओर प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तेजी आएगी, वहीं दूसरी ओर आमजन को सशक्त और सुगम संवाद का माध्यम भी उपलब्ध होगा।
उत्तरकाशी: ‘संकल्प संवाद’ पोर्टल से घर बैठे सुनी जाएंगी समस्याएं, डीएम ने किया शुभारंभ ।
